जामताड़ा में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में दो राशन दुकानों पर धावा
-1024x578.jpg)
जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया पंचायत अंतर्गत कासियाटांड़ रेलवे हॉल्ट के समीप रविवार रात चोरों ने दो राशन दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे।
पीड़ित दुकानदार कासियाटांड़ निवासी विनोद मंडल और बालेश्वर मंडल ने बताया कि उनकी दुकानों की छावनी काटकर चोर अंदर घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान के भीतर रखे सामान को खंगालते हुए जरूरी वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




