खबर का असर: बिना बैरिकेडिंग उखड़ी पीसीसी सड़क की हुई मरम्मत, ग्रामीणों में खुशी

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड में सरकारी लापरवाही के कारण क्षतिग्रस्त हुई पीसीसी सड़क की मरम्मत आखिरकार कर दी गई है। मरम्मत के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
क्या था मामला?
पीडब्ल्यूडी सड़क से तसर केंद्र होते हुए पादन तक बन रही पीसीसी सड़क की ढलाई के तुरंत बाद ही सड़क जगह-जगह से उखड़ गई थी। ग्रामीणों का आरोप था कि ढलाई के बाद बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। नतीजा यह हुआ कि मोटरसाइकिल, जानवर और लोगों के चलने से ताजा सीमेंट में पैरों के निशान और गड्ढे बन गए थे। ग्रामीणों ने इसे संवेदक की लापरवाही और सरकारी राशि की बर्बादी बताते हुए विभाग से तुरंत मरम्मती और कार्रवाई की मांग की थी।
खबर का हुआ असर
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया। संवेदक ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की तुरंत मरम्मत कराई और सड़क को दुरुस्त किया।
ग्रामीणों ने जताया आभार
सड़क की मरम्मत होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर मरम्मत होने से करोड़ों की लागत से बन रही इस सड़क को और नुकसान होने से बचा लिया गया है। हालांकि ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि आगे से निर्माण के बाद नियमों के अनुसार बैरिकेडिंग जरूर की जाए, ताकि बनी हुई सड़क लंबे समय तक टिक सके और सरकारी पैसे का सदुपयोग हो सके।


