माहुरी वैश्य समाज ने कुलदेवी मां मथुराशिनी पूजनोत्सव को लेकर सरिया नगर में निकाली भव्य शोभायात्रा

गिरिडीह : माहुरी वैश्य समाज सरिया के लिए आज का दिन अत्यंत पावन और उत्साह से भरा रहा। इस दिन केवल सरिया ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में माहुरी वैश्य समाज अपने कुलदेवी मां मथुराशिनी की पूजा बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ करता है।
इसी क्रम में सरिया नगर में भी समाज के लोगों द्वारा पिछले लगभग 25 वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करते हुए पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। समाज के जानकारों ने बताया कि मां मथुराशिनी देवी मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री का ही रूप मानी जाती हैं और माहुरी समाज उन्हें अपनी कुलदेवी के रूप में पूजता है।
पूजनोत्सव के उपलक्ष्य में सरिया नगर में प्रभात फेरी और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया।
इस पूजनोत्सव में माहुरी वैश्य समाज के सभी छोटे-बड़े सदस्य शामिल हुए। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में समाज के अध्यक्ष अमितेश कुटरियार, पूजा समिति अध्यक्ष अमित कुमार तर्वे, कोषाध्यक्ष परमानंद चरण पहाड़ी, सोशल मीडिया प्रभारी संतोष कुमार तर्वे, सक्रिय सदस्य सुजीत कुमार चरण पहाड़ी, नवयुवक समिति अध्यक्ष अभय कुमार तर्वे, संगठन मंत्री सुबोध वैश्यखीयार, संदीप कुटरियार, सक्रिय सदस्य सुमित कुमार, सचिव निलेश कुमार सहित समाज के अन्य युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


