सुबह-सुबह सब्जी लेकर निकला था ग्रामीण… घात लगाकर बैठे शख्स ने चला दिए 20 तीर

पश्चिमी सिंहभूम। झींकपानी थाना क्षेत्र में शनिवार सब्जी बेचने बाजार जा रहे एक ग्रामीण पर धनुष-बाण से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर ने इतनी बेरहमी दिखाई कि उसने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए। इस हमले में तीन तीर ग्रामीण के शरीर में गहराई तक धंस गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव निवासी चोया बिरुली (45) शनिवार सुबह अपनी सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह पैदल ही बाजार की ओर निकले थे। इसी दौरान जब वे चिड़ियापहाड़ी गांव के समीप पहुंचे, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे दोपे बिरुली ने उन पर अचानक धनुष-बाण से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपित लगातार तीर चलाता रहा। चोया बिरुली जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने का प्रयास करते रहे, लेकिन तीन तीर उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में जा धंसे। गंभीर चोट लगने के बाद वह लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़े। घटना सुनसान रास्ते में हुई, जिसके कारण कुछ देर तक घायल वहीं तड़पते रहे।
इधर, रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने घायल अवस्था में पड़े चोया बिरुली को देखा और तत्काल झींकपानी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, शरीर के अंदर धंसे तीरों ने अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और सर्जरी कर तीर निकालने की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित दोपे बिरुली मौके से फरार हो गया। झींकपानी थाना के एसआई केसी बाड़ा ने बताया कि आरोपित की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक हमले के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके किआरोपित ने इतनी बड़ी वारदात को क्यों अंजाम दिया।


