बक्सर में दर्दनाक घटना: मोबाइल फोन न मिलने पर महिला ने जहर खा कर की खुदकुशी, दो बच्चों की भी मौत
-1024x614.jpeg)
बक्सर: नया भोजपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल फोन न मिलने की जिद ने एक पूरे परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। रविवार की शाम 30 वर्षीय महिला सविता देवी ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया और अपने तीनों मासूम बच्चों को भी जहर खिला दिया। इलाज के दौरान सविता समेत उसकी पांच साल की बेटी ज्योति और तीन साल के बेटे आकाश की मौत हो गई, जबकि 12 महीने का सबसे छोटा बेटा विकास गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर गांव निवासी सुनील कुमार राज, जो राज मिस्त्री का काम करते हैं, बीते कुछ दिनों से पत्नी सविता की मोबाइल फोन की मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे। जब सविता का गुस्सा चरम पर पहुंचा, उसने खुद और अपने तीन बच्चों को कीटनाशक खिला दिया। परिवार में जब तक कोई समझ पाता, चारों की हालात बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल और फिर सदर अस्पताल, बक्सर रेफर किया गया।
अस्पताल में मौत और संघर्ष
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सविता देवी, उसकी बेटी ज्योति और बेटा आकाश ने दम तोड़ दिया। सबसे छोटा बच्चा विकास बेहद गंभीर स्थिति में है और बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सभी के जहर खाने की पुष्टि हुई है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पति सुनील कुमार ने बताया कि सविता कुछ दिनों से लगातार मोबाइल फोन मांग रही थी। सविता उनकी तीसरी पत्नी थी, जबकि पहली पत्नी से हुई बेटी ज्योति भी इसी घटना में काल के गाल में समा गई। सुनील कुमार की दो पत्नियों का पहले ही निधन हो चुका है।
पुलिस जांच व गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष और पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है। गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं कि मोबाइल जैसी छोटी सी बात तीन जिंदगियों की कीमत ले सकती है।


