पहलगाम हमले की बरसी पर ‘आतंकिस्तान’ ने फिर उगला जहर, शहबाज शरीफ के मंत्री ने भारत से मांगे सबूत

नैशनल डेस्क: पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि पहलगाम हमले को लेकर भारत अब तक पाकिस्तान के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका है। तरार ने कहा कि एक साल बीत जाने के बाद भी भारत न तो कोई प्रमाण दे पाया है और न ही कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या की गई थी।
तरार ने अपने बयान में यह भी कहा कि भारत ने पहलगाम घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या यह घटना किसी “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी जांच और बिना किसी उचित पूछताछ के पाकिस्तान पर दोष मढ़ दिया गया। पाकिस्तान की तरफ से यह वही पुराना तरीका दोहराया गया है, जिसमें हर गंभीर आरोप पर जवाब देने के बजाय उल्टा सवाल खड़े करने की कोशिश की जाती है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया था। हमले के दो दिन बाद भारत ने सिंधु जल संधि को एकतरफा तौर पर निलंबित कर दिया और साफ संदेश दिया कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते। इसके बाद भारत ने 7 मई को “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू करते हुए पाकिस्तान और पीओके में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इन हमलों में जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मसूद अजहर का पूरा परिवार मारा गया था।
तरार ने यह भी कहा कि पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और उसने पहलगाम हमले में मारे गए नागरिकों के प्रति सहानुभूति जताई थी। हालांकि, भारत की ओर से इस हमले को लेकर लगातार पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया गया और अब तक किसी भी तरह का ऐसा स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, जिसे पाकिस्तान संतोषजनक मान सके। इसी विवाद के बीच पाकिस्तान ने फिर से “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” का मुद्दा उठाकर पुरानी रणनीति दोहराने की कोशिश की है।


