उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने समीक्षा बैठक में रेल परियोजनाओं में तेजी लाने का दिया निर्देश

देवघर: जिले में चल रही महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कई महत्वपूर्ण नई रेल लाइनों और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मोहनपुर-हंसडीहा नई ब्रॉडगेज रेल लाइन, बासुकीनाथ-चितरा नई रेल लाइन, जसीडीह बायपास रेल लाइन, मधुपुर बायपास रेल लाइन, एनएच-114ए पर पथरिया, सपहा और जगदीशपुर में प्रस्तावित आरओबी, शंकरपुर-जसीडीह स्टेशन के बीच आरओबी तथा गिरिडीह-सारठ मार्ग पर मधुपुर स्टेशन और जोड़ामो स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने परियोजनाओं में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास और आवागमन की दृष्टि से ये परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में रेल परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भूमि संबंधी सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी, रेलवे के अधिकारी एवं अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


