आसिफ
सरिया(गिरिडीह): सरिया में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर स्थानीय युवाओं की एक बैठक रविवार को जैन धर्मशाला सरिया में संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता रविंद्र कुमार पांडेय व संचालन अभय साहू ने किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरिया क्षेत्र के विकास के लिए सभी युवा गोलबंद हों। वहीं सरिया विकास मंच नाम की एक संस्था का गठन किया गया। जिसका अध्यक्ष रविंद्र कुमार पांडेय को चुना गया।
वहीं बैठक के माध्यम से विवेकानंद मार्ग स्थित रेलवे समपार पथ के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य सरकार से अविलंब कराने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के अधूरे भवन का निर्माण पूरा कराने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। कहा गया कि रेलवे फाटक के पास जाम की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
खासकर गर्मी के इन दिनों में विद्यालयों की दर्जनों गाड़ियां जाम में फंस जाती है। जिससे नौनिहाल बच्चों को घंटों जाम में भूखे-प्यासे फँसना पड़ता है। वहीं एंबुलेंस जैसे आवश्यक वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। ओवर ब्रिज निर्माण को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों व स्थानीय विधायक सांसद आदि से मिलकर निर्माण कार्य में आने वाली बाधा को दूर करने पर विचार किया गया। मौके पर उप प्रमुख रामदेव यादव, देवाशीष बादल, रंजीत मंडल, मनीष मंडल, विक्रांत राय, पवन मंडल, राजीव रंजन, धर्मपाल महतो ,रोहित कुमार, विकास कुमार, प्रदीप सिंह, राजकिशोर यादव सहित दर्जनों युवक उपस्थित थे।