मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान, पहाड़ियों से हथियारों का जखीरा बरामद

इम्फाल: मणिपुर में हालिया घटनाक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने एक बड़ा संयुक्त तलाशी एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान होरेई काफुंग हिल्स (लोअर लीशान रिज) क्षेत्र में पहाड़ी की चोटी पर मौजूद सशस्त्र लोगों को चिन्हित किया गया और बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि कुछ सशस्त्र व्यक्ति पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित अलग-थलग गांवों पर हमला करने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान पहाड़ी की चोटी पर लगभग एक दर्जन सशस्त्र व्यक्ति दिखाई दिए। सुरक्षा बलों की मौजूदगी देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि आठ व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। उनके पास मौजूद हथियार जब्त कर लिए गए।
पूछताछ के बाद संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सुरक्षा बलों ने उन्हें भविष्य में हथियार लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने और किसी भी प्रतिबंधित गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी।
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान पहाड़ी की चोटी पर बने अवैध बंकरों की भी तलाशी ली। यहां से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई।
अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार के तलाशी और कॉम्बिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


