ओएनजीसी का बड़ा सीएसआर अभियान, अमलाबाद में हजारों ग्रामीणों की निःशुल्क नेत्र जांच

बोकारो। ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के सीएसआर के तहत अमलाबाद में निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन दिनांक 16 जुलाई 2026 को पंचायत सचिवालय, अमलाबाद में किया गया।
उक्त शिविर का आयोजन अनुग्रह दृष्टिदान, दिल्ली एवं अग्रवाल लेजर एंड इंप्लांट सेंटर, बोकारो के सहयोग से किया गया। शिविर के आयोजन का मुख्य लक्ष्य गरीब ग्रामीण परिवारों के लोगों की आंखों से संबंधित विभिन्न रोगों की जांच एवं ऑपरेशन के साथ-साथ बीपी एवं शुगर की भी जांच कर बेहतर स्वास्थ्य हेतु जागरूक करना रहा।
इस शिविर में हजारों की संख्या में ग्रामीणों का नेत्र, बीपी एवं शुगर का परीक्षण किया गया तथा उचित दवा, चश्मा एवं मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का ऑपरेशन किया गया।
इस अवसर पर अमलाबाद थाना प्रभारी कौशलेन्द्र कुमार एवं चंदनकियारी थाना प्रभारी अमित राय ने जांच शिविर का निरीक्षण किया तथा जांच में भाग भी लिया। उन्होंने लोगों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन निर्वहन करने हेतु ओएनजीसी का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर ओएनजीसी के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें दयानंद कालुंदिया (प्रमुख-मानव संसाधन), अनिता यादव (परिसंपत्ति सपोर्ट प्रबंधक), सुश्री डॉली कुमारी (प्रभारी-सीएसआर), विकास चंद्र सिंह (प्रमुख-कूप सेवाएं), अजय कुमार दास (प्रभारी-सीसी), अभिनव कुमार (प्रोजेक्ट मैनेजर, झरिया), अनोखेलाल (प्रबंधक-मानव संसाधन), आशीष यादव (प्रभारी-चिकित्सा), डॉ. शशांक शेखर (चिकित्साधिकारी) के अलावा अमलाबाद के जनप्रतिनिधि मुखिया अजय रजवार एवं समाजसेवी पृथ्वी सिंह भी उपस्थित रहे।
अमलाबाद में ओएनजीसी के सीएसआर के तहत कार्यान्वित परियोजनाओं का निरीक्षण
अमलाबाद थाना प्रभारी कौशलेन्द्र कुमार ने ओएनजीसी के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अमलाबाद में सीएसआर के तहत कार्यान्वित परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी ने ओएनजीसी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ओएनजीसी ने अमलाबाद में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। थाना प्रभारी ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण करते वक्त छात्र-छात्राओं हेतु नव-निर्मित शौचालय को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि इस पहल से विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ेगी। विशेषकर शौचालय के अभाव में छात्राओं की बीच में ही पढ़ाई छोड़ने की समस्या दूर होगी।


