Lohardaga News: अंतिम सोमवारी पर नन्हे ‘बाल बम’ ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव से गूंजा शहर

लोहरदगा: सावन मास की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा भक्ति एवं श्रद्धा से परिपूर्ण भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर से कृषि मार्केट स्थित शिव शंकर मंदिर तक एक मनमोहक कांवड़ यात्रा निकाली गई।
कांवड़ यात्रा के दौरान सैकड़ों की संख्या में नन्हे-मुन्ने ‘बाल बम’ अपने कंधों पर कांवड़ उठाए, भोलेनाथ के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। यात्रा में कई भैया-बहनों ने भगवान शिव का रूप धारण किया, जिनकी जीवंत और मनमोहक झांकी ने सभी श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
विद्यालय से जल उठाकर कृषि मार्केट प्रांगण पहुँचे नन्हे श्रद्धालुओं ने वहाँ स्थित शिव शंकर मंदिर में भगवान आशुतोष का पूर्ण विधि-विधान से जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के उपरांत सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ भव्य हवन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद वितरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों के उत्साह की सराहना की तथा क्षेत्रवासियों को सावन की अंतिम सोमवारी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


