Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अपील, विशेष शिविर में मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम

कोडरमा जिले में झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 8 और 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व संशोधन कराने की अपील की है।

कोडरमा: झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 8 एवं 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जहां पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिले के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। ऐसे नागरिक, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे और संबंधित मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। 

उपायुक्त ने बताया कि जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या जिनका मतदान केंद्र उनके वर्तमान निवास से दूर है, वे फॉर्म-8 भरकर परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही निकटवर्ती मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)- 2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहिए। ऑनलाइन आवेदन के लिए मतदाता ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड कर सकते हैं अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। 

उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी पात्र नागरिकों से 8 एवं 9 अगस्त को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन कराने तथा परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि “कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं” अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More