Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में STEM शिक्षा पर दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन

मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में "STEM Education in Learning" विषय पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण एवं शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हुआ। सैनिक स्कूल के चंदन दुबे और सेक्रेड हार्ट स्कूल के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने मॉडर्न व मोंटफोर्ट स्कूल के 60 शिक्षकों को आधुनिक व व्यावहारिक शिक्षण के गुर सिखाए।

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया के प्रांगण में “STEM Education in Learning” विषय पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण एवं शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन हुआ। 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अध्यापकों को विज्ञान (Science), तकनीक (Technology), इंजीनियरिंग (Engineering) और गणित (Mathematics) को परस्पर जोड़कर रुचिकर व व्यावहारिक तरीके से पढ़ाने के लिए सक्षम बनाना था।

कार्यशाला में मुख्य संसाधन पुरुष (Resource Persons) के रूप में सैनिक स्कूल के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष  चंदन दुबे एवं सेक्रेड हार्ट स्कूल के प्राचार्य  प्रमोद कुमार शर्मा उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए प्रयोगात्मक गतिविधियों (Hands-on Activities), प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (Project-Based Learning) तथा वास्तविक जीवन में STEM के अनुप्रयोगों पर गहन चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे खेल-खेल में और दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जा सकता है।

इस दो दिवसीय ज्ञानवर्धक सत्र में अंतर-विद्यालयी शिक्षण संस्कृति को बढ़ावा मिला। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोंटफोर्ट स्कूल, हजारीबाग के 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा मॉडर्न पब्लिक स्कूल के 45 शिक्षकों सहित कुल 60 प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। सत्र के दौरान शिक्षकों ने कई समूह गतिविधियों (Group Activities), केस स्टडीज़ और मॉडल प्रेजेंटेशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्राचार्य  गुरु चरण वर्मा ने कहा की 

“आज के तेजी से बदलते दौर में STEM आधारित शिक्षा केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि समय की मांग है। इस तरह के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों से हमारे शिक्षक न केवल आधुनिक शिक्षण तकनीकों से अवगत होंगे, बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार (Innovation) और समस्या समाधान (Problem-Solving) की क्षमता को विकसित कर सकेंगे। हमारा विद्यालय भविष्य में भी शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास (CPD) के लिए ऐसे गुणवत्तापूर्ण आयोजन करता रहेगा।

कार्यशाला का कुशल एवं मंच संचालन विद्यालय के प्रशिक्षण समन्वयक (Training Coordinator)  राहुल मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक-वृंद द्वारा दोनों अतिथियों और प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके बहुमूल्य योगदान के लिए आभार प्रकट किया गया। उपस्थित सभी शिक्षकों ने इस कार्यशाला को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More