Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में ‘मॉक ड्रिल’ से जांची गई सुरक्षा, 3 मिनट 22 सेकंड में खाली हुआ स्कूल

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में ‘निकासी दिवस सह सुरक्षा अभ्यास’ का सफल आयोजन किया गया। फायर और भूकंप जैसी आपात स्थिति में छात्रों व शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया को परखने के लिए यह मॉक ड्रिल कराई गई।
सुबह 08:15 बजे आपातकालीन सायरन बजते ही पूरे स्कूल में अलर्ट घोषित कर दिया गया। प्रत्येक कक्षा के शिक्षकों ने ‘ड्रॉप, कवर, होल्ड’ की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित कराया, फिर अनुशासित तरीके से कतार बनाकर निकटतम निकासी मार्ग से मैदान की ओर रवाना किया।
सबसे तेज निकासी जूनियर विंग की रही, जिसने 2 मिनट 48 सेकंड में भवन खाली कर दिया। पूरे स्कूल की निकासी 3 मिनट 22 सेकंड में पूरी हुई। विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा कि बच्चों ने जिस शांति और अनुशासन का परिचय दिया, वह सराहनीय है।”सुरक्षा सर्वोपरि ! अभ्यास करें और तैयार रहें। डेमो के बाद छात्र-छात्राओं ने खुलकर सवाल पूछे – “अगर धुआँ हो तो कैसे बाहर निकलें?”, “लिफ्ट का इस्तेमाल क्यों नहीं करना चाहिए?”आदि।
प्राचार्य गुरुचरण वर्मा ने कहा, “सुरक्षा कोई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, यह आदत है। यह एक आदत है जो निरंतर करते रहने से हमारे अंदर विकसित होती है। इसलिए विद्यालय में समय-समय पर निकासी दिवस सुरक्षा अभ्यास कराया जाएगा, ताकि बच्चे बिना घबराए किसी भी स्थिति का सामना कर सकें।”
कार्यक्रम में स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, सुरक्षा स्टाफ और 1200 से अधिक छात्र-छात्राएँ शामिल रहे। अंत में सभी ने ‘सुरक्षा शपथ’ ली और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


