Koderma News: मोहर्रम को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
-1024x614.jpeg)
सतगावां: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सतगावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी केशव प्रसाद चौधरी एवं थाना प्रभारी बब्लू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। वहीं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रमोद कुमार केशरी उपस्थित रहे।
मंच संचालन मो. अजहर रवानी ने किया। बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शांति समिति के सदस्यों तथा मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम जुलूस, ताजिया विसर्जन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण,साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में बताया गया कि प्रखंड क्षेत्र के शिवपुर, राजघटी, माधोपुर, जगनीडीह,नावाडीह, डेगोडीह, मीरगंज,अंगार,दोनाय एवं राजाबर सहित अन्य क्षेत्रों में मोहर्रम पर्व प्रमुख रूप से मनाया जाता है। इन सभी स्थानों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। थाना प्रभारी बब्लू कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की तकनीकी टीम की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें तथा किसी सूचना की पुष्टि के लिए सीधे प्रशासन या थाना से संपर्क करें।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि धनंजय यादव, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रामोतार चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि विनोद यादव, शंकर यादव, सुजीत कुमार, बबलू सिंह, मोहम्मद शाहजहां, नरेश यादव, अजित यादव, अरविंद सिंह, नईमुद्दीन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


