Koderma News: ध्वजाधारी आश्रम मेले में विधिक सेवा प्राधिकार ने लगाया विधिक सहायता केंद्र

कोडरमा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में ध्वजाधारी आश्रम परिसर में कांवर पदयात्रा के दौरान आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सहायता एवं कानूनी जागरूकता के लिए विधिक सहायता केंद्र स्थापित किया गया। इस दौरान मेले में पहुंचे कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विभिन्न प्रकार के जागरूकता पर्चे भी वितरित किए गए।
पर्चों के माध्यम से लोगों को आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा टोल फ्री नंबर 15100 सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने किया।
ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु झुमरीतिलैया स्थित झरनाकुंड से जल लेकर पैदल कांवर यात्रा करते हुए ध्वजाधारी आश्रम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस अवसर पर आयोजित मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। कार्यक्रम में न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह, संतोष कुमार तथा पारा लीगल वॉलंटियर रविंद्र कुमार यादव, कंचन कपूर, पांडेय शेखर प्रसाद, प्रीति आर्या सहित अन्य लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।


