Koderma News: रोटरी क्लब ने सदर अस्पताल में 40 महिलाओं को बांटी बेबी किट और हॉर्लिक्स
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: रोटरी क्लब ऑफ़ के द्वारा सदर अस्पताल में 40 महिलाओं के बीच जॉनसन बेबी किट और होर्लिक्स का वितरण किया गया। रोटरी क्लब अध्यक्ष नवीन आर्य ने कहा कि मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य का यह कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं नवमाताओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक पोषण एवं देखभाल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपा रानी पांडेय ने उपस्थित 40 महिलाओं को संबोधित करते हुए गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन एवं कैल्शियम के सेवन, टीकाकरण, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल तथा नवजात शिशु के समुचित पोषण एवं स्वच्छता के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को यह भी बताया कि मां और बच्चे का स्वास्थ्य परिवार एवं समाज की समृद्धि का आधार है, इसलिए प्रत्येक महिला को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्वास्थ्य से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को डॉ. रूपा रानी पांडेय के समक्ष रखा, जिनका उन्होंने सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया। इस संवादात्मक सत्र ने महिलाओं को न केवल महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की, बल्कि उन्हें अपने एवं अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अधिक संवेदनशील एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित भी किया।
रोटरी क्लब ऑफ कोडरमा द्वारा इस अवसर पर उपस्थित सभी 40 महिलाओं को जॉनसन बेबी किट एवं हॉर्लिक्स प्रदान किए गए। इन सामग्रियों का वितरण माताओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण एवं देखभाल को ध्यान में रखते हुए किया गया। महिलाओं ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम सदर अस्पताल के डॉ. मनोज कुमार के मार्गदर्शन एवं सहयोग, डॉ. रूपा रानी पांडेय की महत्वपूर्ण सहभागिता तथा सहयोगी प्रकाश कुमार और कुमार रवि के सक्रिय योगदान से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रोटरी क्लब की पूर्व अध्यछ रोटेरियन संगीता शर्मा संतोष कुमार सिन्हा अजय कुमार अग्रवाल क्लब के कोषाध्यक्ष रोटेरियन सिमरनजीत सिंह, रोटेरियन आरती आर्या एवं रोटेरियन आशीष खेतान आरएसएस संस्था के दिलीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं सहायता को पहुंचाने के लिए रोटरी की प्रतिबद्धता को दोहराया।


