Koderma News: रामनवमी के मद्देनजर मॉक ड्रिल का आयोजन, पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा

कोडरमा: आगामी रामनवमी पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को सुदृढ बनाये रखने एवं पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस बलों को मॉक ड्रिल का अभ्यास पुलिस केन्द्र, कोडरमा में परिचारी प्रवर के देखरेख में आयोजित किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की तत्परता, समन्वय एवं आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया गया।मॉक ड्रिल के दौरान भीड नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, किसी भी आकस्मिक घटना, आगजनी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा विधि-व्यवस्था से जुडी संभावित चुनौतियों से निपटने का पूर्वाभ्यास किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामनवमी पर्व के दौरान अखाडा स्थलों, जूलूस एवं जूलस मार्गों, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है तथा पेट्रोलिंग एवं गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगें। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों, पूजा समितियों एवं श्रधालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित मानकों का अनुपालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


