Koderma News: फुलवरिया गांव में पहली बार पहुंचेगी बिजली, विधायक डॉ नीरा यादव ने किया शिलान्यास

स्थानीय विधायक डॉ नीरा यादव ने पूजा अर्चना कर और नारियल फोड़कर इस कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके का विकास हो, इसके लिए जो सपना देखा गया था, वह धीरे-धीरे पूरा हो रहा है।

कोडरमा: जिला मुख्यालय से सटे और कोडरमा नगर पंचायत का हिस्सा वार्ड 1 फुलवरिया गांव में पहली बार बिजली पहुंचेगी। कई सालों से गांव में बिजली की मांग की जा रही थी। वहीं स्थानीय विधायक डॉ नीरा यादव भी पिछले कई सालों से बिजली गांव में पहुंचे इसके लिए प्रयासरत थी। अब ग्रामीणों का सपना पूरा होता दिख रहा है। मंगलवार को फुलवरिया गांव में बिजली पहुंचाने के लिए बिजली पोल गाड़े जाने की शुरुआत की गई। स्थानीय विधायक डॉ नीरा यादव ने पूजा अर्चना कर और नारियल फोड़कर इस कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कोडरमा विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके का विकास हो, इसके लिए जो सपना देखा गया था, वह धीरे-धीरे पूरा हो रहा है।

समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता है। इलाके में जो भी बुनियादी समस्याएं हैं उनका समाधान हो रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा पानी की समस्या रखे जाने पर उन्होंने बताया कि दो डीप बोरिंग की स्वीकृति दी गई है और जल्द ही पेयजल के बाद यहां रास्ते की भी सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। ज्ञात हो कि फुलवरिया गांव कोडरमा नगर पंचायत का हिस्सा है, बावजूद आज तक यहां बिजली नहीं पहुंची थी। वन विभाग द्वारा आपत्ति करने के कारण बिजली पोल नहीं लगाए जा सके थे। हालांकि पूरे गांव में बिजली का कनेक्शन दे दिया गया है पर गांव से लेकर मुख्य सड़क तक पोल और तार के अभाव में बिजली नहीं पहुंच पा रही थी।

विधानसभा में इस बाबत मांग रखने, विभागीय अधिकारियों से मिलकर बिजली समस्या के समाधान का प्रयास रंग लाया और आज इसकी शुरुआत हो गई। विधायक डॉ नीरा यादव ने बताया कि अगले 15 दिन के भीतर गांव के घरों में बिजली पहुंच जाएगी और लोगों को अब जंगली जानवरों, सांप बिच्छू का भय नहीं रहेगा। बच्चों की पढ़ाई भी हो सकेगी। इस मौके पर विधायक के साथ उनके पति विजय यादव, संजीव समीर, विनोद कुमार मुन्ना, दिनेश सिंह, सुनील यादव, विजय सिंह, नरेंद्र सिंह, पंकज कुमार सिंह, दिलीप कुमार, निवर्तमान वार्ड पार्षद सचिन कुमार के अलावा काफी संख्या में महिलाएं और गांव के लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More