Koderma News: अनुमंडल कार्यालय के अनुसेवक की हृदयगति रुकने से मौत

कोडरमा अनुमंडल कार्यालय के अनुसेवक महेश कुमार (45) की काम के दौरान हृदयगति रुकने से मौत हो गई। देर रात दफ्तर में बेहोश पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि वे शाम 7 बजे एसडीओ चैंबर में गए थे और बाहर नहीं निकले। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

कोडरमा: अनुमंडल कार्यालय के अनुसेवक की काम के दौरान हृदयगति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हजारीबाग निवासी महेश कुमार (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे कार्यालय के अन्य कर्मचारी अपना काम खत्म कर घर जा रहे थे। चूंकि कार्यालय में ताला लगाने का काम महेश कुमार ही करते थे, इसलिए कर्मचारियों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। कर्मचारियों ने उन्हें फोन किया तो पता चला कि उनका मोबाइल ऑफिस के एक कमरे में बज रहा है। कर्मियों को लगा कि महेश अपना फोन ऑफिस में छोड़कर किसी जरूरी काम से घर चले गए हैं। इसके बाद गोलू सिन्हा नामक कर्मी ने मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर महेश का मोबाइल फोन उनकी पत्नी को घर जाकर दे दिया। इधर काफी समय बीतने के बाद भी जब महेश घर नहीं पहुंचे, तो उनकी पत्नी अपने बेटे के साथ उन्हें ढूंढते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के आवास पहुंचीं और महेश के बारे में पूछताछ की। वहां मौजूद गार्ड अनुमंडल कार्यालय की एक अन्य चाबी का गुच्छा लेकर महेश की पत्नी के साथ कार्यालय पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद महेश एसडीओ के चैंबर में बेसुध हालत में मिले। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओ रिया सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचीं और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। शुक्रवार की सुबह जब अनुमंडल कार्यालय का सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पाया गया कि शाम के करीब 7 बजे वे अनुमंडल पदाधिकारी के चैम्बर में गए हैं, उसके बाद वे वहां से बाहर नहीं निकले हैं। जानकारी पाकर उपायुक्त ऋतुराज भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। मृतक महेश कुमार हजारीबाग जिले का रहने वाला था और फिलहाल वह अपने पत्नी और दो बच्चों के साथ कोडरमा में किराए के मकान में रहते थे। वे 2021 से ही यहां कार्यरत थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More