Koderma News: स्वतंत्रता दिवस पर मंडल कारा में जेल अदालत और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

कोडरमा मंडल कारा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जेल अदालत, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक बंदी को रिहा किया गया तथा अन्य बंदियों को कानूनी अधिकारों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल कारा कोडरमा में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 

इसके अलावा जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंडल कारा कोडरमा में स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सी जे एम अमित कुमार वैश ने कहा कि जेल में आने वाला हर बंदी अपराधी नहीं होता। बंदियों को अपराध की दुनिया से निकलकर समाज की मुख्य धारा में शामिल होना चाहिए, ताकि आने वाले दिनों में वह स्वच्छ समाज के निर्माण में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। 

शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार नेकहा कि हमें अपराध से नफरत करना चाहिए अपराधियों से नहीं। उन्होंने प्ली बारगेनिंग की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी बंदी प्ली बारगेनिंग के तहत दोष स्वीकार कर अपनी सजा कम करा सकते हैं। अपने संबोधन में एलएडीसीएस की अधिवक्ता किरण कुमारी, राजेन्द्र मंडल, अरुण कुमार ओझा, अश्विनी शरण व ललन चौधरी  ने बंदियों के अधिकारों से संबंधित कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। 

इस अवसर पर जेल अदालत का भी आयोजन किया गया जिसमें सी जे एम कोडरमा के न्यायालय में लंबित चोरी के एक मामले से संबंधित डोमचांच थाना कांड संख्या 71/2025 जी आर नंबर 703/2025 के अभियुक्त आरा भुइयां उर्फ कारा को जेल में बिताए गए अवधि को पर्याप्त सजा मानते हुए एक हजार रुपए जुर्माना करते हुए उस मामले में रिहा किया गया। कार्यक्रम का संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कारा अधीक्षक राजमोहन राजन ने किया।

मौके पर सहायक जेलर राजीव  पासवान ,जेलकर्मी राजीव कुमार, युसूफ आजाद, न्यायालयकर्मी राजीव कुमार, संतोष कुमार सिंह सहित अन्य कई लोग मौजूद थे। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें कई बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की गई। इस जांच शिविर में जेल के चिकित्सक डॉ अभिषेक कुमार सहित सदर अस्पताल कोडरमा के कई कर्मी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More