Koderma News: श्री हनुमान संकीर्तन मंडल का 45वां ऐतिहासिक स्थापना दिवस समारोह आयोजित

कोडरमा: श्री हनुमान संकीर्तन मंडल (1981) द्वारा शनिवार को मंडल का 45वां स्थापना दिवस एवं 2377वां साप्ताहिक भजन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। यह विशेष कार्यक्रम मंडल के पुजारी विजय पांडेय के निवास स्थान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई।
मुख्य पुजारी अनिल मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद राकेश कापसीमे द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। गणेश वंदना के उपरांत भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मंडल के भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। बाबा के दरबार में गूंजते भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्थापना दिवस समारोह में मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंडल की 45 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए संस्थापक सदस्यों के योगदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि मंडल पिछले 45 वर्षों से निरंतर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में संस्कार, भक्ति एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।मंडल के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि श्री हनुमान संकीर्तन मंडल की 45 वर्षों की यह अविरल यात्रा भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली की कृपा, संस्थापक सदस्यों के त्याग तथा श्रद्धालुओं के समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मंडल ने सदैव समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का कार्य किया है और भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा। मंडल के सचिव विक्की केशरी ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, प्रेम और आस्था के कारण ही मंडल आज 45 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर सका है। उन्होंने कहा कि मंडल का यह सफर सभी सदस्यों, संस्थापकजनों एवं भक्तों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
मौके पर मंडल के अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव विक्की केशरी, उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल, कोषाध्यक्ष उमंग अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अरविंद चौधरी, आशुतोष भदानी, गुड्डू मिश्रा, सुत्तू मिश्रा, राजेश वर्मा, विशाल अग्रवाल, नवीन सिन्हा, मंडल के संचालक बॉबी कापसीमे, अमित सुरोलिया, विशाल सिंह, लाखन सिंह, गौतम पांडेय, रामानुज सिंह, गिरधारी सोमानी, नवीन पांडेय, सचिन लोहानी, अभिषेक पांडेय, प्रिंस पांडेय, सुजीत सिंह सहित मंडल के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्री हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन की सफलता में मंडल के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।


