Koderma News: राजकीय पॉलिटेक्निक में पर्यावरण दिवस, प्राचार्य ने किया पौधारोपण

कोडरमा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा (गोहालर परिसर) में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थान के प्राचार्य राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य राजेश कुमार ने संस्थान परिसर में अशोक, नीम, आम एवं अमरूद के पौधे लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा कि एक पेड़ न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखता है।
इस अवसर पर संस्थान के व्याख्याता सह एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, व्याख्याता सोहन टोपो, व्याख्याता डॉ. भूपेंद्र कुमार, व्याख्याता मनोज यादव, व्याख्याता मनोरंजन कुमार, व्याख्याता संजय कुमार, व्याख्याता हीरालाल कुमार, संवेदक संजीव कुमार तथा सहायक आदित्य भगत ने भी परिसर में पौधारोपण किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं हरित जीवनशैली पर आधारित आकर्षक एवं प्रेरणादायक पोस्टर तैयार किए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चंदन पासवान, विक्की यादव, महादेव कुमार, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित परिसर निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।


