Koderma News: 1 से 7 कक्षा तक की वार्षिक परीक्षा 11 मार्च से
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पहली से 7वीं तक के विद्यार्थियों के वार्षिक मूल्यांकन कार्यक्रम की तिथि जारी कर दी गई है। सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में 11 से 14 मार्च तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। इसके सफल संचालन को लेकर डीएसई अजय कुमार ने विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। 11 मार्च को अंग्रेजी, 12 को हिंदी व उर्दू तथा 14 को गणित विषय की परीक्षा ली जाएगी। उच्च कक्षाओं के लिए विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं अन्य भाषाओं की परीक्षा भी तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी।
परियोजना कार्यालय ने निर्देश दिया है कि परीक्षा की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं तथा प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखते हुए निर्धारित समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। मूल्यांकन कार्य विद्यालय स्तर पर ही किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर परिणाम तैयार कर संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, परीक्षा कक्ष में अनुशासन बनाए रखने तथा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। विभाग ने कहा है कि वार्षिक मूल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों का अगली कक्षा में नामांकन एवं शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। मालूम हो कि जिले के 671 विद्यालय में परीक्षा आयोजित होनी है जिसमें वर्ग 1 एवं 2 के लिए लगभग 6000 विद्यार्थी से मौखिक प्रशन पूछे जायेगे जबकि वर्ग 3 से 7 के लिए लिखत परीक्षा होगी जिसमें 50662 छात्र -छात्राएं शामिल होगे।


