Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस समारोह

कोडरमा: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षकों और सभी प्रशिक्षुओं ने भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
तत्पश्चात प्रशिक्षु प्रिया एवं समूह द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तत्पश्चात प्रशिक्षु नंदनी कुमारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर हार्दिक अभिनंदन किया तदोपरांत प्रशिक्षु लोकेश कुमार ने समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्ता तथा उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदानों पर विचार साझा किया।
उक्त समारोह को यादगार एवं उत्साहपूर्ण बनाने के लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा सामूहिक रूप से केक काटा गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु दिव्या कुमारी ने शिक्षकों के समर्पण एवं त्याग पर सुंदर कविता तथा अंजली कुमारी एवं पूनम कुमारी द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता व्यक्त की l
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “शिक्षक समाज का वह सशक्त स्तंभ है, जो अपने ज्ञान, अनुभव, संस्कार और मूल्यों के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा प्रदान करता है। वर्तमान समय में शिक्षकों का दायित्व बढ़ा है इसे जवाबदेही के साथ निभाने की आवश्यकता है।शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, मानवीय संवेदनाएं और जिम्मेदारी की भावना का भी विकास करता है। शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध केवल कक्षा तक ही सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवन निर्माण और व्यक्तित्व विकास का एक पवित्र संबंध है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के बी.एड. सत्र 2025-27 के सभी प्रशिक्षु एवं महाविद्यालय के डी.एल.एड. विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, शैक्षणिक समन्वयक सौरभ शर्मा, आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा, डी.एल.एड. समन्वयक खुशबू कुमारी सिन्हा सहित सभी सहायक प्राध्यापक डॉ. रामकृष्ण प्रसाद, डॉ. इंद्र कुमार जायसवाल, संजीत कुमार, अनिल दास, सीताराम यादव, चुन्नु कुमार, बिनीता कुमारी एवं अन्य सहित सभी शिक्षकेतर कर्मचारी आदि उक्त अवसर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशिक्षु साक्षी कुमारी एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रशिक्षु सुवेता कुमारी ने किया।


