JPSC विवाद: रांची में ABVP का विधानसभा घेराव, डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी समेत 200 से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में

रांची : झारखण्ड विधानसभा घेराव के दौरान अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह सहित 200 से अधिक कार्यकर्ता गिरफ्तार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध एवं विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में आज रांची में शांतिपूर्ण विधानसभा घेराव का आह्वान किया गया। विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे अभाविप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
विधानसभा घेराव के दौरान अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित 200 से अधिक अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। अभाविप ने कहा कि विद्यार्थियों की परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को पुलिस बल के माध्यम से दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
अभाविप ने स्पष्ट किया कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, संदिग्ध परीक्षाओं को निरस्त कर पुनः परीक्षा कराने तथा परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक तकनीकी एवं संस्थागत सुधारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। लाठी, गिरफ्तारी और दमन से विद्यार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।


