JPSC विवाद: JPSC-JSSC आंदोलन पर सुदिव्य कुमार का बड़ा बयान, पूर्व महाधिवक्ता को लेकर जताई आपत्ति

रांची: झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने छात्रों के आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रस्तावित वार्ता पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार से बातचीत के लिए छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महाधिवक्ता के शामिल होने पर उन्हें गंभीर आपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब नैतिक आधार नहीं बचा है और वह छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कोचिंग माफिया की साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को “पर्दे के पीछे से राजनीति करना” बंद करना चाहिए और छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए।
सुदिव्य कुमार ने छात्रों से भी अपील की कि वे अपने आंदोलन की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखें तथा ऐसे लोगों से दूरी रखें जो उनके आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रही है और उनके हितों की अनदेखी नहीं होने देगी। सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और उनकी मांगों पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
मंत्री के इस बयान के बाद JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे आंदोलन और उससे जुड़ी राजनीतिक बयानबाजी के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।


