सिडनी में झारखंड के उद्योगपति अरुण सिन्हा हुए सम्मानित, बढ़ाया देश और राज्य का मान

रांची: झारखंड के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं राइडर ग्रुप ऑफ कंपनी के अध्यक्ष अरुण कुमार सिन्हा को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित होटल शेराटन ग्रैंड में आयोजित जागरण अचीवर अवॉर्ड्स-2026 से सम्मानित किया गया। उद्योग, उद्यमिता, रोजगार सृजन और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
जागरण समूह की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में भारत सहित विभिन्न देशों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अरुण सिन्हा की उपलब्धियों, उनके सफल उद्यमिता मॉडल और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की विशेष सराहना की गई।
अरुण सिन्हा ने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत झारखंड के गिरिडीह से एक सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से की थी। सीमित संसाधनों से शुरू हुआ उनका सफर आज देश के कई राज्यों तक पहुंच चुका है। राइडर ग्रुप ऑफ कंपनी सुरक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है तथा हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध करा रही है।
व्यवसाय के साथ-साथ अरुण सिन्हा सामाजिक दायित्वों का भी सक्रिय रूप से निर्वहन कर रहे हैं। वे लंबे समय से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए प्रेरित करते रहे हैं। उनका मानना है कि जागरूकता और सही मार्गदर्शन के अभाव में बड़ी संख्या में युवा बेहतर अवसरों से वंचित रह जाते हैं। इसी उद्देश्य से वे समय-समय पर युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण, करियर परामर्श और उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराते रहे हैं।
गौरतलब है कि यह अरुण सिन्हा का पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मान नहीं है। इससे पूर्व उन्हें अज़रबैजान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में बिजनेस एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा दुबई, वियतनाम और थाईलैंड के फुकेत सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उन्होंने अपने व्यावसायिक नेतृत्व, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से झारखंड तथा भारत का गौरव बढ़ाया है। राइडर ग्रुप ऑफ कंपनी के 27 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और संगठन की उल्लेखनीय उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया।
लगातार ऑस्ट्रेलिया, अज़रबैजान, दुबई, वियतनाम और थाईलैंड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिल रही पहचान इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की धरती से निकले उद्यमी आज वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। सिडनी में प्राप्त जागरण अचीवर अवॉर्ड्स-2026 न केवल अरुण सिन्हा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि झारखंड के उद्योग जगत और राज्य के युवाओं के लिए भी गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।
अरुण सिन्हा के सम्मानित होने पर झारखंड के उद्योग, सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने कहा कि उनकी उपलब्धियां राज्य के युवाओं को बड़े सपने देखने, उद्यमिता को अपनाने और अपने परिश्रम के बल पर वैश्विक पहचान बनाने की प्रेरणा देती रहेंगी।


