झारखंड में 28 मई से मौसम का यू-टर्न, भीषण गर्मी के बाद होगी झमाझम बारिश

रांची : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को 28 मई से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण झारखंड के विभिन्न जिलों में बारिश होने की प्रबल संभावना बन रही है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी।
समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार इस बार झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। राज्य में मानसून 10 से 15 जून के बीच दस्तक देने की संभावना जताई गई है। जून के पहले सप्ताह से ही कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश शुरू होने के संकेत हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष झारखंड में मानसून 17 जून को पहुंचा था, लेकिन इस बार परिस्थितियां अनुकूल मानी जा रही हैं।
26 और 27 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी 11 जिलों के लिए 26 और 27 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।
डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पूर्वी सिंहभूम के दारिसाई में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
वहीं, राज्य में सबसे अधिक बारिश आई क्षेत्र में 19.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा धालभूमगढ़ में 16.2 मिमी, बहरागोड़ा में 14.4 मिमी, चाकुलिया और घाटशिला में 12.6 मिमी तथा गुड़ाबांदा में 12.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रांची समेत कई शहरों का तापमान
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा :
- जमशेदपुर : 41.6°C / 25.2°C
- डाल्टनगंज : 45.7°C / 28.4°C
- बोकारो : 42.6°C / 26.1°C
- चाईबासा : 42°C / 24.6°C
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी महसूस की गई। हालांकि दोपहर बाद आंशिक बादल छाने और मध्यम गति से हवा चलने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली।


