प्रफुल्ल राय जयंती सह नागपुरी दिवस 2026 गरिमा और उल्लास के साथ संपन्न

प्रफुल्ल कुमार राय की जयंती पर राँची में नागपुरी दिवस मनाया गया। समारोह में सम्मान वितरण, सांस्कृतिक प्रस्तुति और पुस्तक लोकार्पण के जरिए नागपुरी भाषा-साहित्य को बढ़ावा दिया गया।

राँची : नागपुरी साहित्य के युगप्रवर्तक, बहुमुखी प्रतिभा के धनी एवं आधुनिक नागपुरी साहित्य के प्रणेता स्वर्गीय प्रफुल्ल कुमार राय (प्रफुल्ल दा) की जयंती सह नागपुरी दिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन आज मोराबादी स्थित स्मृति सभागार (शहीद स्मृति भवन), राँची में प्रातः 11:00 बजे से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्यकारों, कलाकारों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा नागपुरी भाषा-प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप-प्रज्वलन एवं स्वर्गीय प्रफुल्ल कुमार राय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।   अपने स्वागत वक्तव्य में नागपुरी भाषा परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रफुल्ल कुमार राय ने नागपुरी भाषा और साहित्य को नई दिशा, नई चेतना और आधुनिक स्वर प्रदान किया। उन्होंने उस समय नागपुरी गद्य लेखन को सशक्त आधार दिया, जब साहित्य मुख्यतः पद्य तक सीमित था।

वक्ताओं ने स्मरण किया कि एक समय नागपुरी बोलना हीनता का प्रतीक समझा जाने लगा था। ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में प्रफुल्ल दा नवजागरण के पुरोधा बनकर उभरे और नागपुरी भाषा को पुनः सम्मान एवं प्रतिष्ठा दिलाने का संकल्प लिया। उनकी प्रमुख कृतियाँ— ‘सोनझइर’, ‘रिंगचिंगिया, संकर एक ठो जिनगी’, ‘पंच’, ‘लहरा’, ‘बिसाहा’, ‘एक चकता रउद’, ‘पुस कर राइत’— ने नागपुरी साहित्य को समृद्ध किया। उनकी मुक्तछंद कविता ‘बहथी-बोहाथी’ को नागपुरी साहित्य में मील का पत्थर माना जाता है। इस अवसर पर प्रफुल्ल कुमार राय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर डॉ. संजय कुमार षाडंगी तथा डॉ. राम कुमार ने  साहित्यिक चेतना को रेखांकित करती कविता प्रस्तुत की।

विशिष्ट अतिथियों ने नागपुरी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।  मुकुंद नायक ने कहा, “नागपुरी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी आत्मा की अभिव्यक्ति है। जब तक हमारी मातृभाषा जीवित है, तब तक हमारी संस्कृति और अस्मिता भी जीवित रहेगी।” उन्होंने ‘अखरा’ परंपरा को संरक्षित रखने पर बल दिया। मधु मंसूरी हंसमुख ने नागपुरी गीत-संगीत को झारखंड की आत्मा बताते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

पूर्व आई.पी.एस. अधिकारी डॉ. अरुण उराँव ने कहा कि भाषा किसी समाज की पहचान होती है और नागपुरी का सम्मान करना अपनी सांस्कृतिक जड़ों का सम्मान है। नागपुरी के प्रसिद्ध गायक व कवि  क्षितिश कुमार राय ने युवाओं से नागपुरी को वैश्विक मंच तक पहुँचाने का आग्रह किया। समारोह में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी साहित्य और कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2026 के लिए नागपुरी भाषा परिषद द्वारा प्रख्यात साहित्यकार एवं कलाकार राकेश रमण ‘रार’ को नागपुरी साहित्य में उनके अप्रतिम योगदान के लिए तथा ‘मांदर सम्राट’ मनपूरन नायक को कला के क्षेत्र में उनकी अविस्मरणीय कृतियों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

बताते चलें कि  राकेश रमण (जन्म: 29 नवम्बर 1959, एम.ए., निवास: कमलालय, रातू, राँची) पिछले लगभग 46 वर्षों से लेखन, अभिनय, निर्देशन, शोध एवं सामाजिक कार्य में सक्रिय हैं। उनका लोकप्रिय नागपुरी स्तंभ ‘सहिया कर गोईठ’ लगभग 25 वर्षों तक दैनिक प्रभात खबर में प्रकाशित होता रहा। सम्प्रति उनका लेखन कार्य सतत् जारी है । मनपूरन नायक (जन्म: 20 जनवरी 1957, एम.ए. नागपुरी, सेवानिवृत्त वरीय उद्घोषक, आकाशवाणी राँची) नागपुरी लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक वाद्य परंपरा के सशक्त संवाहक हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों— मनीला, ताइपेई और कनाडा— पर झारखंड की सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत कर चुके हैं।

इसी क्रम में परिषद के द्वारा नागपुरी भाषा के लिए अमिट योगदान करने वाले नींव के पत्थर समझे जानेवाले पुरोधा स्वर्गीय जगतमणि महतो को नागपुरी सेवी सम्मान प्रदान किया गया जिसे उनके पौत्र सौरभ सुमन ने ग्रहण किया। अवसर पर स्मृति शेष जगतमणि महतो की पुत्री मीना देवी, पुत्रबधू मंजुला कुमारी, पौत्री सुमन सुरभि तथा प्रपौत्र सुमन सुमेध भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में  मुकुंद नायक,  क्षितिश कुमार राय, हरिनंदन माली, शंकर नायक, युगेश महतो, लाली देवी सिंह, सहित अनेक कलाकारों ने नागपुरी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया।

 पुस्तक लोकार्पण समारोह 

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों द्वारा नागपुरी भाषा एवं साहित्य से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। लोकार्पित पुस्तकों में— झारखण्ड की परम्परागत कृषि – प्रधान संपादक: डॉ. उमेश नन्द तिवारी; संपादक: डॉ. शकुन्तला मिश्र, डॉ. राम कुमार, स्वर्ण मंजूषा – लेखक: डॉ. कृष्ण कलाधर, डॉ. शकुन्तला मिश्र,  डाइन (नागपुरी उपन्यास) – लेखक: मनोहर महान्ती,  नागपुरी लोकगीतों में शास्त्रीय संगीत का प्रभाव – लेखक: मनोहर महान्ती,  नागपुरी गीत: राग एवं ताल का विश्लेषणात्मक अध्ययन – लेखक: मनपूरन नायक,  झारखण्ड कर गछ-बिरीछ (नागपुरी गीत संग्रह) – लेखक: मनपूरन नायक,  काव्य के विविध रूप – लेखक: डॉ. राम कुमार, अनुजा कैथर, काव्यांश: रस-छंद-अलंकार – लेखक: डॉ. राकुमार, नागपुरी कवि शेख डोमन अली कर प्रतिनिधि गीत – संकलन/संपादन: डॉ. राम कुमार, अनुजा कैथर,  नागपुरी सोमरस हरिनन्दन महली ‘निर्मोही’ कर प्रतिनिधि गीत – संपादन: डॉ. राम कुमार,  नागपुरी लोकगीतों में जनजीवन – लेखक: डॉ. सुमन कुमार, इन पुस्तकों के लोकार्पण ने समारोह को विशेष साहित्यिक ऊँचाई प्रदान की।

कार्यक्रम का संचालन नागपुरी विभाग, राँची विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. उमेश नंद तिवारी एवं नागपुरी भाषा परिषद की महासचिव डॉ. शकुंतला मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुखदेव साहू द्वारा किया गया। समारोह में  मुकुंद नायक,  मधु मंसूरी हंसमुख, डॉ. गुरुचरण साहू, डॉ. अरुण उराँव, अवधमणि पाठक, क्षितिज राय, धनेंद्र प्रवाही, डॉ. उमेश नंद तिवारी, डॉ. शकुंतला मिश्र, रतन तिर्की, राकेश रमण, महावीर साहू, मनोहर महान्ती, मनपूरन नायक, डॉ. संजय कुमार षाडंगी, डॉ. राम कुमार, डॉ. अजय नाथ शाहदेव, कृष्ण जीवन पौराणिक, शशिकला पौराणिक, डॉ. युगेश महतो, डॉ. मनोज कच्छप, डॉ. कंचन मुंडा, डॉ. पूनम, डॉ. बंदे खलखो, डॉ. सुखदेव साहू, डॉ. शैलेश महतो सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समापन अवसर पर सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि नागपुरी भाषा को शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा प्रफुल्ल कुमार राय के साहित्य का व्यापक अध्ययन एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रफुल्ल राय जयंती केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि नागपुरी अस्मिता, सांस्कृतिक गौरव और साहित्यिक चेतना का प्रतीक है। उनका जीवन और साहित्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा-स्रोत बना रहेगा।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More