Jamtara News: वज्रपात ने उजाड़ा परिवार, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जामताड़ा: जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अखना गांव के पास शुक्रवार सुबह वज्रपात की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नाला थाना क्षेत्र के बेगूजुड़ी गांव निवासी गंगाधर घोष (45) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे से इलाके में लगातार बारिश हो रही थी। गंगाधर घोष रोज की तरह मजदूरी कर कोयला ढोने का काम कर रहे थे। बारिश तेज होने के कारण वे कुछ समय के लिए एक घर में रुक गए थे। जब बारिश कुछ कम हुई तो वे साइकिल पर कोयला लादकर अपने गंतव्य के लिए निकल पड़े।
इसी दौरान रास्ते में अचानक बारिश फिर तेज हो गई। बारिश से बचने के लिए गंगाधर एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गए। आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर बागडेहरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गंगाधर घोष परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों का कहना है कि अब परिवार के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।


