– जनसंपर्क अधिकारियों को ट्विटर इंडिया, फेसबुक व पीडब्ल्यूसी के अधिकारियों ने दिया प्रशिक्षण
स्टेट ब्यूरो: सोशल मीडिया के माध्यम से सभी सरकारी योजनाओं को घर- घर तक पहुंचाया जा सकता है और सूचना के लिहाज से इसका इस्तेमाल करें। फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप्प जैसे सोशल मीडिया टूल्स का पूरी स्ट्रैटजी व प्लानिंग बनाकर इस्तेमाल करना चाहिए। ये बातें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल मंगलवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में सूचना व जनसंपर्क अधिकारियों के लिए आहूत मीडिया कार्यशाला में कही। कहा कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी मांगे, तो उसे फौरन दिया जाना चाहिए।
डाॅ वर्णवाल ने कहा कि सोशल मीडिया रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। यह सरकारी अधिकारियों के लिए भी काम करने के तरीके को बेहद आसान व कारगर बना दिया है। इसके माध्यम से देश-दुनिया के पल-पल की गतिविधियों से हर व्यक्ति अवगत हो रहे हैं, वहीं सूचनाओं का आदान-प्रदान भी तेजी से हो रहा है। खासकर जन संपर्क के क्षेत्र में परंपरागत साधनों के साथ न्यू मीडिया के उपयोग से लोगों तक सरकारी योजनाओं के प्रचार- प्रसार में काफी आसानी हो गई है। उन्होंने जन संपर्क पदाधिकारियों से कहा कि वे यहां प्रशिक्षण लेने के उपरांत सोशल मीडिया का और बेहतर तरीके से इस्तेमाल करें, ताकि सरकार की योजनाओं का व्यापक और वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके। इस मौके पर ट्वीटर इंडिया की पायल कामत ने कार्यशाला में जन संपर्क अधिकारियों को ट्विटर के अलग-अलग डाइमेंशंस तथा उनका किस प्रकार से उपयोग किया जाए इसके बारे में जानकारी कहा कि आज पूरी दुनिया में 40 भाषाओं में ट्वीटर पर लोग कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीटर के उपयोग के तरीके, उसके नियंत्रण के तरीके, अकाउंट को सुरक्षित रखने के तरीके भी बताये।
फेसबुक के आशीष पांडेय और सिद्धार्थ ने कार्यशाला में बताया कि सोशल मीडिया में फेसबुक का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। पूरी दुनिया में लगभग 238 करोड़ लोग फेसबुक पर हैं तो इंस्टाग्राम पर 100 करोड़ लोग और व्हाट्सएप्प का इस्तेमाल 150 करोड़ कर रहे हैं। झारखंड के संदर्भ में देखें तो यहां एक करोड़ लोग फेसबुक से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि आज के समय 70 प्रतिशत लोग स्मार्ट फोन से फेसबुक व अन्य् सोशल मीडिया को एक्सेस कर रहे हैं। फेसबुक और इंस्टाग्राम को लेकर उन्होंने बताया कि फेसबुक में जहां मजबूत कंटेट के साथ वीडियो और फोटो का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं इंस्टाग्राम में फोटो और वीडियो को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाती है।
इसके अलावा व्हाट्सएप्प का इस्तेमाल लोग व्यक्तिगत रुप से सूचनाओं के आदान-प्रदान में ज्यादा करते हैं, लेकिन सरकार के संदर्भ में इन तीनों का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं और नीतियों को आसानी के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यशाला में पीडब्ल्यूसी के ऋषभ गुंजन ने बताया कि आज के दिन सबसे तेज चलने वाला मीडिया बनकर सोशल मीडिया उभरा है। कहा कि ये ग्लोबल प्लेटफॉर्म बन गया है। कहा कि अब डिजिटल मीडिया और ट्रेडिशनल मीडिया एक-दूसरे से जुड़ते जा रहा है। फेसबुक, ट्वीटर या अन्य सोशल मीडिया टूल्स पर उपलब्ध स्टोरीज को इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। कार्यशाला में सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक रामलखन प्रसाद गुप्ता, सभी उप निदेशक जन संपर्क, अवर सचिव, सभी सहायक निदेशक, सभी जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी और सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर्स मौजूद थे।