लोहरदगा: ग्रामीण डाक सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर लोहरदगा मुख्य डाकघर के समक्ष एक दिवसीय भूख हड़ताल की। ग्रामीण डाक सेवकों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगर सरकार उनकी बात नहीं मानती है, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए भी तैयार हैं।
आगामी 4 अक्टूबर को वे मंडल कार्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर को डाक भवन नई दिल्ली के सामने एक दिवसीय भूख हड़ताल होगा। इसके बाद भी सरकार अगर उनकी मांगों को नहीं मानती है तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।
डाक कर्मचारियों के आंदोलन का कई संगठनों ने समर्थन किया है। मौके पर ग्रामीण डाक सेवक संघ के प्रांतीय सचिव रामेश्वर गोप ने कहा कि सरकार उन्हें जान- बूझकर आंदोलन के लिए विवश कर रही है। उन्होंने कहा कि कमलेश चंद्र कमिटी रिपोर्ट को शत-प्रतिशत लागू नहीं करने के कारण यह आंदोलन किया जा रहा है। सरकार अगर उनकी मांगों को नहीं मानती है तो उनका आंदोलन जारी रहेगा और अब आर-आर पार की लड़ाई शुरू हो चुकी है।