साहिबगंज सदर अस्पताल में बेड फुल, मरीज स्ट्रेचर और बरामदे में करा रहे इलाज

साहिबगंज: बदलते मौसम की मार अब सीधे सदर अस्पताल पर पड़ रही है। बारिश-धूप के बीच मौसम बदलते ही मौसमी बीमारियों ने दस्तक दे दी और अस्पताल में मरीजों का सैलाब आ गया। नतीजा – अस्पताल के सारे बेड भरे हुए और मरीज बरामदे में स्ट्रेचर पर लेटे हुए नज़र आते हैं।
गुरुवार को सदर अस्पताल की तस्वीर किसी अस्थायी कैंप जैसी दिख रही थी। वार्ड के अंदर एक भी बेड खाली नहीं था। नए आने वाले मरीजों को मजबूरी में बरामदे में ही भर्ती करना पड़ा। बांझी गांव के भागमत मुर्मू गुरुवार सुबह पेट दर्द और दस्त के साथ अस्पताल पहुंचे। बुखार और कमजोरी थी, तुरंत सलाइन लगनी थी। लेकिन वार्ड में जगह नहीं मिली। आखिरकार बरामदे में लगे स्ट्रेचर पर ही उनका इलाज शुरू हुआ।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पिछले 7 दिनों में ओपीडी और भर्ती मरीजों की संख्या अचानक बढ़ी है। वायरल, मौसमी बुखार, उल्टी-दस्त के केस सबसे ज्यादा आ रहे हैं। आलम ये है कि वार्ड के साथ-साथ बरामदा भी मरीजों से पट गया है। कुछ परिजन तो खुद ही बरामदे में मरीज का इलाज कराने पर अड़े दिखे।
चिकित्सकों का कहना है कि कभी तेज धूप, कभी बारिश और उमस की वजह से इम्यूनिटी कमजोर हो रही है। इसी कारण वायरल और पेट संबंधी बीमारियां बढ़ी हैं। चिकित्सकों ने अपील की है कि लोग उबला पानी पिएं, बासी खाना न खाएं और घर-आसपास साफ-सफाई रखें। लक्षण दिखते ही अस्पताल पहुंचें, लापरवाही न करें।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं, सलाइन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध हैं। सभी मरीजों को सरकारी योजना के तहत मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड और स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी।
फिलहाल सदर अस्पताल में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। अगर अगले कुछ दिनों में मरीजों की संख्या इसी तरह बढ़ती रही तो प्रशासन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करना जरूरी हो जाएगा।


