कोडरमा के कॉलेजों को गिरिडीह यूनिवर्सिटी से जोड़ने का भारी विरोध, विधायक सरयू राय को सौंपा ज्ञापन

कोडरमा: जिले के प्रतिष्ठित जगन्नाथ जैन (जेजे) कॉलेज सहित जिले के सभी अंगीभूत एवं मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभवि), हजारीबाग से हटाकर नवनिर्मित सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध करने के सरकारी फैसले के खिलाफ विरोध की आग तेज हो गई है।
इसी कड़ी में ‘जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति’ ने झारखंड के वरिष्ठ विधायक सरयू राय का कोडरमा आगमन पर परिसदन में मुख्य संरक्षक राम रतन अवध्या के नेतृत्व में अध्यक्ष महेश भारती, सचिव देवेंद्र कुमार, सह सचिव मो अली शाद ने संयुक्त रूप से मुलाकात की और इस अव्यावहारिक फैसले को रद्द कराने की मांग को लेकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने विधायक सरयू राय को बताया कि जे जे कॉलेज सहित जिले के तमाम डिग्री कॉलेज को विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग जो जिला से मात्र 55 किलोमीटर से हटा कर सर जेसी बॉस विश्वविद्यालय गिरिडीह 130 किलोमीटर करने से छात्र छात्राओं का उच्च शिक्षा से वंचित रखने के साथ ही कोडरमा के अविभावकों को आर्थिक बोझ बढ़ेगा वही छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस फैसले को तर्कहीन बताते हुए सरकार पर इसे वापस लेने का दबाव बनाने का आग्रह किया गया। वही संघर्ष समिति ने दोटूक कहा है कि यदि सरकार ने अपना यह गजट नोटिफिकेशन वापस नहीं लिया और कोडरमा के कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के तहत ही रहने की मंजूरी नहीं दी, तो आने वाले दिनों में पूरे जिले में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।




