Koderma News: ग्रामीणों में बीमारी की शिकायत के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, जांच शुरू

कोडरमा: डोमचांच प्रखंड के विंडोमोह बिरहोर टोला में बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी भोला पांडे एवं स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम डॉक्टर आशीष राज गांव पहुंची और प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
मेडिकल टीम ने बीमार बच्चों और ग्रामीणों की जांच कर उनके ब्लड सैंपल लिए तथा आवश्यक दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध कराए। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी पीने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी।अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एहतियात के तौर पर अब विंडोमोह बिरहोर टोला में प्रत्येक सप्ताह स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की नियमित स्वास्थ्य जांच हो सके और किसी भी बीमारी का समय रहते उपचार किया जा सके।ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मेडिकल टीम भी भेजी जाएगी।


