Hazaribagh News: विभावि योग केंद्र के पूर्ववर्ती छात्र बन सकेंगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षक-निर्णायक

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय योग केंद्र के पूर्ववर्ती छात्र अब राष्ट्रीय स्तर के योग प्रतियोगिताओं में कोच एवं जज के रूप में अपनी सेवा दे सकेंगे। यह जानकारी देते हुए विभावि योग केंद्र की पूर्ववर्ती छात्रा वर्षा दे ने बताया कि शिविर का आयोजन ‘योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड’ के द्वारा किया गया। ‘झारखंड स्टेट योगासन जजों एवं कोचों का प्रशिक्षण शिविर’ के नाम से इसका आयोजन पतरातू डैम के किनारे अवस्थित मिडवे रिजॉर्ट में किया गया।
शिविर से लौटकर बुधवार को उन्होंने बताया कि यह संस्था’ योगासन भारत’ तथा ‘वर्ल्ड योगासन’ से संबद्ध है तथा भारत सरकार का ‘युवा मामले एवं खेल मंत्रालय’ द्वारा स्वीकृत है। उन्होंने बताया कि कुल आठ दिनों तक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पांच दिन ऑनलाइन और 20 से 22 मार्च को तीन दिन ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान खेल के नए नियम एवं तकनीक की पूरी जानकारी दी गई। शिविर में झारखंड के 20 जिलों से कुल 80 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
वर्षा ने बताया कि उक्त शिविर में विभावि के चार पूर्ववर्ती छात्रों के साथ हजारीबाग के कुल पांच लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसमें वर्षा के अलावे विनीत सिंह, सुरभी सिंह, राखी सिंह (सभी विभावि के पूर्ववर्ती छात्र) तथा नेहा कुमारी शामिल है। बताया कि जज और कोच के करियर के तरफ युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से इन लोगों ने मिलकर हजारीबाग में योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की इकाई का गठन भी कर लिया है। जहां विनीत सिंह इसके सचिव है वहीं वर्ष दे एवं सुरभी सिंह इसके उपसचिव के दायित्व में है।
बताया कि पतरातू के शिविर में उपस्थित एसोसीएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य सलाहकार विपिन पांडे, सचिव चंदू कुमार, डॉ संतोष, डॉ सुजीत घोषाल, प्रहलाद कुमार, कुबेर सिंह एवं पीपी तिवारी ने सभी सफल प्रशिक्षुओं को बधाई दी। सभी को प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह देकर उत्साहवर्धन किया गया।


