Hazaribagh News: एसपी के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ महाअभियान की शुरुआत
1-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में 15/16 जून 2026 को इचाक एवं विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने आम लोगों के बीच पहुंचकर नशा उन्मूलन का संदेश दिया तथा माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
पुलिस द्वारा लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न करता है। अभियान के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान 15 जून से 26 जून तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनसंपर्क, माइकिंग, चौपाल, जनसभा एवं अन्य माध्यमों से लोगों को नशामुक्त जीवन के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी रहेगी।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हजारीबाग पुलिस ने आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।


