Hazaribagh News: फिल्मी अंदाज में लूट कांड का खुलासा, 7 अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग में ज्वेलरी दुकान लूट और फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की और गहनों को पिघलाकर बेचने की बात बताई। पुलिस ने हथियार, कारतूस और बाइक भी बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य कड़ियों की जांच जारी है।

हजारीबाग: थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में एक संगठित गिरोह के 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी टीपी-05 के पास किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को मौके से दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पकड़े गए आरोपियों—विनोद कुमार भुईयाँ, प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता—ने कबूल किया कि उन्होंने 7 फरवरी 2026 को नंदिनी ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के दौरान विरोध होने पर अपराधियों ने गोलीबारी कर गहनों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड संदीप कुमार सोनी था, जिसने पहले दुकान की रेकी की और फिर बाहरी अपराधियों को बुलाकर घटना को अंजाम दिलाया। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के अन्य सदस्यों—साकिन्दर कुमार गंझु, रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी और विशाल शांताराम—को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल,13 जिंदा कारतूस,3 मोबाइल फोन,एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पूछताछ में अपराधियों ने यह भी खुलासा किया कि लूटे गए गहनों को पिघलाकर दूसरे राज्यों में बेच दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित लिंक की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से अपराध करता था और इसके सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इलाके में इस बड़ी कार्रवाई के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More