Hazaribagh News: मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे और सौहार्द पर जोर

कटकमसांडी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कटकमसांडी थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता थाना प्रभारी कटकमसांडी ने की।
बैठक में पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल, अंचलाधिकारी कटकमसांडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कटकमसांडी सहित विभिन्न अखाड़ों के लाइसेंसधारी, पंचायतों के मुखिया एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा जुलूसों के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पदाधिकारियों ने उपस्थित अखाड़ा समितियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि पर्व को परंपरागत तरीके से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई।
बैठक में यह भी कहा गया कि किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी सभी जनप्रतिनिधियों एवं अखाड़ा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।


