Hazaribagh News: अमनारी में मिट्टी का पुराना घर धंसा, चांदी के सिक्कों से भरा कलश मिलने की सूचना से मचा हड़कंप

हजारीबाग के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में पुराना मिट्टी का घर धंसने के बाद कथित तौर पर चांदी के पुराने सिक्कों से भरा कलश मिलने की सूचना से इलाके में कौतूहल फैल गया। लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान की दीवार का एक हिस्सा गिर गया। ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद मिट्टी का एक कलश बाहर आया, जिसके टूटने पर बड़ी संख्या में पुराने सिक्के जमीन पर बिखर गए।

हजारीबाग: थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में शुक्रवार को एक पुराना मिट्टी का घर धंसने के बाद चांदी के पुराने सिक्के मिलने की सूचना से इलाके में कौतूहल मच गया। दीवार गिरने के बाद मिट्टी का एक कलश बाहर आया, जिसके टूटने पर बड़ी संख्या में पुराने सिक्के जमीन पर बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, उक्त मिट्टी का मकान बढ़न महतो और रामचंद्र महतो का बताया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण मकान की जर्जर दीवार का एक हिस्सा अचानक ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलश से निकले सिक्कों का कुल वजन करीब 3 से 4 किलोग्राम होने का अनुमान है। हालांकि सिक्कों की वास्तविक संख्या, धातु और प्राचीनता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सिक्के मिलने की खबर के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि संभव है कि पुराने समय में सुरक्षा के लिए धन-संपत्ति को मिट्टी के बर्तनों में रखकर घर की दीवारों या जमीन के भीतर छिपाया जाता रहा हो।

घटना की सूचना मिलने पर टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार, अंचलाधिकारी अमित कुमार झा और बीडीओ रश्मि खुशबू मिंज मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने स्थल की सुरक्षा और सिक्कों की वास्तविकता एवं ऐतिहासिक महत्व की जांच के लिए प्रशासन से पुरातत्व अथवा संबंधित विशेषज्ञ टीम भेजने की मांग की है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिक्के कितने पुराने हैं और उनका वास्तविक ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक महत्व क्या है।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More