Hazaribagh News: नगर निगम का बड़ा फैसला, पारा शिक्षकों को मिलेगा लंबित 4% वृद्धि का लाभ

हजारीबाग: नगर निगम की बैठक में पारा शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में निगम क्षेत्र के पारा शिक्षकों को लंबित 4 प्रतिशत बढ़ोतरी का लाभ देने पर सहमति बनी, जिससे शिक्षकों के बीच खुशी है। बताया गया कि निगम क्षेत्र के पारा शिक्षक लंबे समय से 4 प्रतिशत वृद्धि की राशि का इंतजार कर रहे थे।
इस संबंध में सहायक अध्यापक महासंघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने कई बार शिक्षकों की समस्या को उठाते हुए नगर निगम प्रशासन और महापौर का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था। इसके बाद निगम की बैठक में इस विषय पर विचार-विमर्श किया गया और शिक्षकों के पक्ष में निर्णय लिया गया। महापौर अरविन्द कुमार राणा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पारा शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें मिलने वाले वैधानिक लाभ समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि निगम की बैठक में लिए गए इस फैसले से शिक्षकों को राहत मिलेगी। पारा शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए महापौर और निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। वहीं, निगम क्षेत्र के पारा शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और उनका मनोबल बढ़ेगा।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनकी अन्य लंबित समस्याओं का समाधान इसी संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा। निगम की इस पहल को शिक्षकों के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


