Hazaribagh News: सुरों से सजी टैगोर जयंती: यूनियन क्लब में बंगाली समाज ने मनाई गुरुदेव की 164वीं जयंती

हजारीबाग बेंगॉली एसोसिएशन द्वारा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 164वीं जयंती पर यूनियन क्लब एवं लाइब्रेरी में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। भारी वर्षा के बावजूद समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में जुटकर नृत्य, संगीत और कविता पाठ के जरिए गुरुदेव के कालजयी चिंतन और रचनाओं को याद किया।

हजारीबाग: गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 164वी जयंती के अवसर पर बेंगॉली एसोसिएशन हजारीबाग के द्वारा स्थानीय यूनियन क्लब एवं लाइब्रेरी परिसर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन शनिवार शाम को किया गया। भारती सान्याल, बिकास चौधरी, रूपा चटर्जी, दिलीप गुप्ता और अरविंद चौधरी ने मंगल द्वीप प्रज्वलित कर तथा गुरुदेव के चित्र पर पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मनोज सेन अपने संबोधन में रवींद्रनाथ के जीवन और चिंतन से संबंधित कई रोचक तथ्यों की जानकारी सबको दी।

तनुश्री मुखर्जी, मधुच्छंदा मुखर्जी, तापोषी दास, तनुश्री चटर्जी, मंदिरा गुप्ता, दोला गुहा, बोनिता दे, शंपा चौधरी, सुहाष सर्वाधिकारी, देवादित्य दत्ता एवं रमानाथ दास गोस्वामी ने मिलकर गुरुदेव के जन्मदिन की गीत ‘हे नूतन…’  का समूह गायन किया। आद्रिका दास गोस्वामी द्वारा गार्गी विश्वास के गीत तथा तापसी दास द्वारा हारमोनियम में संगत पर, एकल नृत्य की प्रस्तुति की गई। 

शनिवार को पूर्वाह्न में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं को शंकर बनर्जी, बिकास चौधरी तथा सूतनु राय के द्वारा पुरस्कार दिए गए। मधुच्छंदा मुखर्जी द्वारा प्रस्तुत रविंद्रसंगीत ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। पार्श्व गायन तथा कथा पर मौमिता गांगुली द्वारा प्रस्तुत एकल नृत्य-नाटिका ने सबको मंत्रमुग्ध किया।

सीमा घोष की संस्था श्रीमा संगीतायन की ओर से समूह गायन तथा रूबी राणा के निर्देशन पर एक समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति की गई। देबबानी ‘राधा’ सामंता द्वारा हवाईअन गिटार पर ‘मॉनोबाहिनी बिहारिणी…’ गीत की जबरदस्त प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरी। इसके बाद तनिष्का सोनल रॉय की गीत, सुभोश्री मुखर्जी द्वारा प्रस्तुत एकल नृत्य तथा शंपा चौधरी द्वारा रवींद्रनाथ पर लिखी गई कविता का पाठ को सब ने खूब सराहा।

बतौर अंतिम प्रस्तुति गुरुदेव के अति प्रिय गीत ‘आगुनेरो पारसमणि…’ के समूह गायन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई। कार्यक्रम में बेंगॉली एसोसिएशन के सचिव सोमनाथ कुनार ने स्वागत संबोधन तथा अध्यक्ष डॉ सुकल्याण मोइत्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। मौमिता मल्लिक द्वारा कार्यक्रम के प्रभावशाली संचालन की खूब प्रशंसा हुई। वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में बंगाली समाज के लोग उपस्थित हुए।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More