Hazaribagh News: सांसद खेल महोत्सव की तैयारी, 22 प्रखंडों से 50 हजार से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

हजारीबाग: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल लगातार दूसरी बार सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कराने जा रहे हैं। इस वर्ष महोत्सव में लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों से 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। इसमें अकेले फुटबॉल में करीब 25 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। महोत्सव का शुभारंभ आगामी 30 अगस्त को दारू प्रखंड से होगा।
बड़कागांव रोड स्थित एंजल्स हाई स्कूल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देने का महाअभियान है। इसका उद्देश्य गांवों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर कर खेल के मैदान से जोड़ना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
इस बार फुटबॉल के अलावा क्रिकेट, कबड्डी, तैराकी, निशानेबाजी, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, रस्साकशी, पिट्ठू, मैराथन और ताइक्वांडो समेत 12 से अधिक खेल विधाओं को शामिल किया गया है।
प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि युवाओं को खेल से जोड़ना समय की जरूरत है। खेल न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करता है।
सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि खेल अभियान की शुरुआत वर्ष 2016 में कटकमदाग से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के रूप में हुई थी। आज यह अभियान पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र तक पहुंच चुका है। प्रेस वार्ता से पूर्व सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट का भी आयोजन किया गया, जिसमें खेल के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने की अपील की गई।
मौके पर बरकट्ठा विधायक अमित यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. के.पी. शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद थे।


