Hazaribagh News: विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा में उठाया सर्पदंश और पोस्टमार्टम व्यवस्था का मुद्दा

हजारीबाग: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से हजारीबाग सहित पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों को सदन में उठाते हुए सरकार से जवाब माँगा।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग सहित राज्य के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश के उपचार के लिए उपलब्ध एंटी वेनम की गुणवत्ता एवं पर्याप्त उपलब्धता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध एंटी वेनम की गुणवत्ता की जाँच कराकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सर्पदंश के मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न करना पड़े।
उन्होंने हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पोस्टमार्टम व्यवस्था का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ता है तथा रात्रि में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रदीप प्रसाद ने सरकार से यह भी जानना चाहा कि क्या जनहित को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम सेवा को 24×7 संचालित करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध एंटी वेनम की गुणवत्ता की नियमित जाँच सुनिश्चित करने की कोई योजना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और आम जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।


