Hazaribagh News: एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने की क्राइम मीटिंग, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश

हजारीबाग: बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर की अध्यक्षता में अनुमंडल पुलिस कार्यालय में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसडीपीओ ने हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, युवाओं में बढ़ती नशाखोरी तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषयों पर गहन चर्चा की।
उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने कहा, “जनता का भरोसा पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हो और पीड़ित को न्याय मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।”
बैठक में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, बरही अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, बरकट्ठा थाना प्रभारी आशीष कुमार भगत, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, चलकुसा थाना प्रभारी सूर्यकांत कुमार समेत अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।


