गुरु पूर्णिमा पर नमामि गंगे घाट में गूंजा “हर-हर गंगे,” दीपों से जगमगाया साहिबगंज

साहिबगंज: विश्व प्रकृति दिवस और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्थानीय नमामि गंगे घाट में भव्य एवं दिव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। दीपों की मनमोहक आभा, वैदिक मंत्रोच्चार और “हर-हर गंगे, जय मां गंगे” के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा आरती में भाग लेकर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया। सभी ने देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस अवसर पर जिला गंगा समिति, नगर परिषद तथा नमामि गंगे अभियान से जुड़े पदाधिकारी और गंगा भक्त बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. रणजीत कुमार सिंह, पवन कुमार, रोहित कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए। गंगा आरती को दिव्य स्वरूप देने में आरती पुरोहित अजय पांडेय, संजय पांडेय एवं विजय पांडेय की अहम भूमिका रही। वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ हुई आरती के दौरान नमामि गंगे घाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर दिखाई दिया।
गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि गुरु केवल अक्षर बोध ही नहीं कराते, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही व्यक्ति समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकता है। विश्व प्रकृति दिवस पर उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रकृति एवं गंगा संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा और गंगा की सुरक्षा हमारी साझा जिम्मेदारी है। स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल गंगा का संकल्प तभी सफल होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें सक्रिय सहभागिता निभाए।
विश्व प्रकृति दिवस व गुरु पूर्णिमा पर आयोजित इस विशेष गंगा आरती ने साहिबगंज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। श्रद्धालुओं की अपार आस्था से संपूर्ण घाट आध्यात्मिक माहौल में डूब गया। आयोजन ने मां गंगा के प्रति जन-जन की श्रद्धा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल गंगा के संकल्प को भी नई मजबूती प्रदान की।


