बदले की राजनीति कर रही है हेमंत सरकार: भाजपा

रांची: बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के साथ षडयंत्र एवं उनकी पत्नी सावित्री देवी से किया गया पुलिस का दुर्व्यवहार यह साफ़ दर्शाता है कि हेमंत सरकार किस कदर भाजपा के खिलाफ दुर्भावना से ग्रसित होकर कार्य कर रही है। उक्त बातें भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहीं।
उन्होंने कहा कि ढुल्लू महतो के खिलाफ मारपीट की शिकायत 14 फरवरी को दर्ज की गयी, जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार घटना बीते वर्ष की अप्रैल माह की है। साथ ही महामंत्री ने कहा कि सरकार को कार्रवाई करने से पहले घटना के तह तक जाकर जांच करनी चाहिए थी। लेकिन सरकार की कार्यप्रणाली यह साफ दर्शा रही है कि हेमंत सरकार दुर्भावना से ग्रसित होकर कार्य कर रही है।
इसके अलावा प्रकाश ने बंद होने जा रही कृषि आशीर्वाद योजना और एक रूपए में रजिस्ट्री योजना को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार यह जानती है कि ये योजनायें किसानों और महिलाओं के लिए बहुत मायने रखती है। मगर, द्वेष की राजनीति करने वाली सरकार का ध्यान जनता को उठाने से ज्यादा भाजपा को गिराने में लगा है।


