Giridih News : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा का विद्या विकास समिति ने किया निरीक्षण

गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में मंगलवार को विद्या विकास समिति, झारखंड के सात सदस्ययी दल द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में विद्या भारती झारखंड के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, विभाग प्रमुख धनबाद नीरज कुमार लाल, प्रधानाचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू हजारीबाग, रणसुमन सिंह भूली, आनंद मोहन झुमरी तिलैया, राजेंद्र कामत बोकारो एवं रंजना कुमारी उपस्थित थे। निरीक्षण दल का परिचय प्रधानाचार्य आनंद कमल ने किया। वंदना सभा में प्रदेश सचिव ने बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षा ग्रहण करने का आशीर्वचन दिया।
निरीक्षण के अंतर्गत शैक्षिक, संस्कारिक, आर्थिक प्रबंधन आदि सभी पक्षों का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण किया गया। आचार्यों की बैठक में आनंद मोहन ने कहा कि प्रत्येक कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषयों की प्रस्तुति, विषय वस्तु एवं पद्धति में बदलाव की आवश्यकता है। रणसुमन सिंह ने कहा कि पंचपदी शिक्षण अधिगम की गुणवत्ता, कक्षा संचालन, अनुशासन तथा अन्य शैक्षणिक पक्षों पर कार्य करने की आवश्यकता है।
नीरज कुमार लाल ने कहा कि आचार्य को देवत्व भाव से ऑलराउंडर बनकर भैया बहनों को शिक्षा देना होगा, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा बेहतर आर्थिक प्रबंधन के लिए मार्गदर्शन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक दिशा निर्देश दिए। बैठक में समस्त आचार्य दीदी उपस्थित थे।


