Giridih News: कांवरियों की सुविधा के लिए पहल, गावां बाईपास रोड पर शुरू हुई निःशुल्क शौचालय की व्यवस्था

गिरिडीह : गावां सावन महीने में बाबा धाम जाने वाले कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झारखंड युवा एकता संगठन ने एक सराहनीय पहल की है। संगठन के प्रधान संरक्षक उमेश प्रसाद राणा के द्वारा गावां बाईपास रोड स्थित अनिल राम की दुकान के बगल में कांवरियों के लिए निःशुल्क शौचालय की व्यवस्था कराई गई है।
इस क्षेत्र से होकर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिए गुजरते हैं। लंबी और कठिन यात्रा के दौरान मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण कांवरियों, विशेषकर महिला श्रद्धालुओं और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए प्रधान संरक्षक उमेश प्रसाद राणा ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए इस निःशुल्क सुविधा का निर्माण और संचालन सुनिश्चित कराया है।
सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने झारखंड युवा एकता संगठन की इस पहल की काफी सराहना की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। संगठन के इस कदम से दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। झारखंड युवा एकता संगठन के सदस्यों ने बताया कि संगठन आगे भी आम जनता और श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए इस तरह के सामाजिक एवं जन-कल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।


